हिमाचल प्रदेश में हिमकेयर योजना के तहत नए कार्ड बनवाने और पुराने कार्डों के नवीनीकरण का इंतजार कर रहे लोगों के लिए महत्वपूर्ण खबर है। राज्य में आगामी 1 दिसम्बर से हिमकेयर पोर्टल खुलने जा रहा है। पात्र लोग 31 दिसम्बर तक नए कार्ड बनवाने के साथ-साथ अपने पुराने कार्ड की वैधता समाप्त होने पर उसका नवीनीकरण करवा सकेंगे। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत लाभार्थियों को अस्पतालों में 5 लाख रुपए तक के निःशुल्क उपचार की सुविधा मिलती है। राज्य नोडल अधिकारी देविंद्र कुमार ने बताया कि 1 दिसम्बर से पोर्टल खुलने पर नए कार्ड बनाने और नवीनीकरण का कार्य शुरू हो जाएगा, जिससे योजना से वंचित लोगों को लाभ मिलेगा। हिमाचलप्रदेश पर्यटन
साल में केवल 4 महीने खुलता है पोर्टल, इन दस्तावेजों की होगी जरूरत
नए नियमों के तहत अब हिमकेयर योजना में आवेदन और नवीनीकरण की सुविधा साल में केवल 4 महीने मार्च, जून, सितम्बर और दिसम्बर में ही मिलती है। इसलिए 31 दिसम्बर को पोर्टल बंद होने के बाद वंचित रह गए लोगों को अगली तिमाही यानी मार्च तक इंतजार करना होगा। पात्र आवेदक लोकमित्र केंद्र, कॉमन सर्विस सेंटर, साइबर कैफे या स्वयं ऑनलाइन माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय लाभार्थी को आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर, लिखित वचन और अपनी श्रेणी का प्रमाण पत्र अपलोड कर निर्धारित प्रीमियम जमा करना होगा