हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां पर एक आल्टो कार खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार तीन लोगों की मौ..त हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हादसा जिले के रामपुर से गौरा-मशनु सड़क मार्ग पर पशाड़ा कैंची के समीप का है। बताया जा रहा है कि बारसान मोड़ के समीप एक ऑल्टो कार अचानक अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घटना की खबर फैलते ही मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई
इधर, हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए भेजा गया है। वहीं, खाई की गहराई के कारण बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। प्रारंभिक सूचना के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त कार जैकोच्छा गांव निवासी कुमदास की बताई जा रही है। फिलहाल, अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है।