सुधीर शर्मा ने भेजा मुख्यमंत्री को मानहानि का लीगल नोटिस

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस के धर्मशाला से बागी एवं पूर्व विधायक सुधीर शर्मा ने मानहानि का नोटिस भेजा है। नोटिस में 5 करोड़ रुपए की मानहानि का क्लेम किया गया है, साथ ही कानूनी कार्रवाई के लिए 55 हजार रुपए का अतिरिक्त भुगतान करने को कहा गया है। दरअसल, मुख्यमंत्री सुक्खू ने वीरवार को ऊना जिला के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र में जनसभा में कहा था कि कांग्रेस के बागी विधायक 15-15 करोड़ रुपए में बिके हैं। उनके पास इसके प्रूफ भी हैं। उन्होंने कहा था कि जो लोग आपकी भावना बेचकर जाते हैं, आपकी विधायकी नीलाम करते हैं, ऐसे लोगों को सबक सिखाने का वक्त आ गया है।

मुख्यमंत्री का 15-15 करोड़ में बिकने का बयान हास्यास्पद
नोटिस भेजने के बाद सुधीर शर्मा ने एक मीडिया बयान में कहा कि मुख्यमंत्री का 15-15 करोड़ में बिकने का बयान हास्यास्पद है। मुख्यमंत्री कह रहे हैं कि उनके पास इसके सबूत हैं। यदि सबूत हैं तो उन्हें जनता के सामने रखा जाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री बौखलाहट में ऐसी बात कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को अदालत में जवाब देना होगा। उन्हें युवा कांग्रेस के प्रधान की तरह ऐसी बातें करना शोभा नहीं देता। अब वह मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंच गए हैं।