सोलन : 200 परिवारों के सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा-कांग्रेस को दरकिनार कर आप में शामिल…

Spread the love

सोलन : पंजाब में जीत और जनता के हित में नए-नए फैसले लेने वाली आम आदमी पार्टी अब तेजी से हिमाचल की और बढ़ रही है। रविवार को भुड्ड में आप के कार्यकर्ता स्वर्ण सिंह सैनी द्वारा आयोजित नुक्कड़ सभा जनसभा में तब्दील हो गई। इस दौरान दून हल्के की पहाड़ी पंचायतों भावगुड़ी, पट्टा, जगजीत नगर, गोयला, पट्टा नाली, चंडी, कुठाड़, साई व घरेड़ के 200 परिवारों के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भाजपा कांग्रेस को दरकिनार कर आम आदमी पार्टी का दामन थामा।

आप के दून विस अध्यक्ष हेमराज चंदेल की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में सह-प्रभारी कुलवंत सिंह वांठ विशेष रूप से उपस्थित हुए। इसके अलावा स्वर्ण सिंह सैनी, उपाध्यक्ष बलबीर सिंह, नालागढ़ विस अध्यक्ष हरिदत्त शर्मा, एससी अध्यक्ष रोहित कुमार, एससी विंग के मंदीप, लज्जा राम ठाकुर, राम सरण उपस्थित रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए आप के प्रदेश सह-प्रभारी कुलवंत सिंह वांठ ने कहा कि मंडी में 6 अप्रैल को अरविंद केजरीवाल का होने वाला रोड़ शो तय कर देगा कि हिमाचल में आप की सरकार बनने वाली है।

  बांठ ने कहा कि हिमाचल की जनता अब कांग्रेस और भाजपा दोनों से उब चुकी है, अब यह बारी-बारी इस बार भाजपा अगली बार कांग्रेस का पुराना चला आ रहा ढर्रा नहीं चलेगा। इस बार हिमाचल की जनता के पास आम आदमी पार्टी तीसरे विकल्प के रूप में खड़ी है। जिस तरह से हिमाचल में रोजाना हजारों की संख्या में लोग आप की सदस्यता ग्रहण कर रहे है। इससे साफ हो गया है अब हिमाचल ने भी आप को पूरे बहुमत के साथ सत्ता में लाने का मन बना लिया है।

बांठ ने कहा कि आम आदमी पार्टी अपने हितों के लिए नहीं बल्कि जनता के हितों की राजनीति करती है। इस मौके पर आप कार्यकर्ता स्वर्ण सिंह सैनी ने आप में शामिल हुए सभी कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि दून से सैंकड़ों कार्यकर्ता 6 अप्रैल को मंडी रोड शो में जाएंगे।