नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध शिमला पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत पुलिस ने एक बार फ़िर बड़ी सफ़लता प्राप्त की है। डिटेक्शन टीम रामपुर की टीम ने गश्त के दौरान गुप्त सूचना और मुस्तैदी दिखाते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति के क़ब्ज़े से 9 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ़्तार कर लिया है और आगामी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, डिटेक्शन टीम ओड़ी-प्रेम नगर मार्ग पर रेहड़ी खड्ड के पास रूटीन गश्त पर थी। इसी दौरान एक व्यक्ति पुलिस को देखकर संदिग्ध गतिविधियां दिखाने लगा। पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत उसे रोका और उसके पीट्ठू बैग की तलाशी ली। तलाशी के दौरान बैग से लगभग 9 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद हुई।
आरोपी की पहचान:
* नाम: ओम प्रकाश
* पिता का नाम: सुरेश ठाकुर
* आयु: 20 वर्ष
* निवासी: कटोलाड़, ज़िला सिरमौर, हिमाचल प्रदेश
पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। इस मामले में आगे की कड़ियां जोड़ने के लिए गहन पूछताछ जारी है।
शिमला पुलिस ने स्पष्ट किया है कि ज़िले में नशे के सौदागरों के विरुद्ध यह अभियान पूरी सख्ती के साथ आगे भी जारी रहेगा, ताकि युवाओं को नशे की दलदल से बचाया जा सके।