मुख्यमंत्री सुक्खू की विपक्ष को दोटूक, बोले- सवाल पूछें तो जवाब सुनने का धैर्य भी रखें

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने विपक्ष से विधानसभा के शीतकालीन सत्र में सरकार का जवाब सुनने और जनहित के मुद्दों पर चर्चा करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सवाल उठाने के साथ जवाब सुनने का धैर्य भी होना चाहिए। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि विपक्ष के नेताओं को सरकार से सवाल पूछने और आरोप लगाने के साथ-साथ उसका जवाब सुनने का धैर्य भी रखना चाहिए। विपक्ष को विधानसभा में वाकआउट करने के बजाय सदन की चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए। मुख्यमंत्री शुक्रवार को मंडी में एंटी चिट्टा जागरूकता वाकथॉन के दौरान पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।उन्होंने कहा कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र विपक्ष के लिए सवाल पूछने और जनहित से जुड़े मुद्दे उठाने का महत्वपूर्ण अवसर है। ऐसे में विपक्ष को सदन की कार्यवाही में भाग लेकर अपनी बात रखनी चाहिए और सरकार का पक्ष भी सुनना चाहिए।विपक्ष को चर्चा में भाग लेने की अपील
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में विधानसभा जनहित के मुद्दों पर चर्चा का प्रमुख मंच है। विपक्ष को अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए सदन में सवाल उठाने चाहिए। केवल आरोप लगाने या वाकआउट करने से जनता से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं होगा। उन्होंने विपक्ष से अपील की कि शीतकालीन सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही में सक्रिय रूप से भाग लें और चर्चा के माध्यम से अपनी बात रखें।भाजपा में पांच गुट होने का लगाया आरोप
मुख्यमंत्री सुक्खू ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर निशाना साधते हुए भाजपा में गुटबाजी होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में पांच गुट बन चुके हैं और इन गुटों के बीच सामंजस्य बैठाने के प्रयास किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कुछ नेता जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने के लिए दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि, ये आरोप मुख्यमंत्री की ओर से लगाए गए हैं।