मंडी, 13 नवंबर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दावा किया है कि प्रदेश सरकार की सख्त कार्रवाई के चलते हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई में 50 फीसदी तक कमी आई है। नशा तस्करों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए सरकार उनकी अवैध संपत्तियों को जब्त करने से लेकर उन्हें ध्वस्त करने तक की कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री वीरवार को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन में शिरकत करने पहुंचे थे। इस दौरान मीडिया से बातचीत में उन्होंने नशे के खिलाफ सरकार की रणनीति, कार्रवाई और भविष्य की योजनाओं का ब्यौरा दिया।
PIT-NDPS एक्ट से नशा तस्करों पर कसा शिकंजा
मुख्यमंत्री ने पूर्व भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकार ने नशे के खिलाफ PIT-NDPS एक्ट लागू नहीं किया था। कांग्रेस सरकार ने सत्ता में आने के महज दो महीने के भीतर इस कानून को लागू किया। इसके तहत नशा तस्करों को छह महीने तक बिना जमानत हिरासत में रखने के साथ उनकी अवैध संपत्तियों को सीज करने और ध्वस्त करने की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सरकार पूरी सख्ती से कार्रवाई कर रही है।
पुलिसकर्मी और सरकारी कर्मचारी भी कार्रवाई के दायरे में
सीएम सुक्खू ने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह किसी भी पद पर क्यों न हो। उन्होंने पुलिस विभाग और डीजीपी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि चिट्टे के कारोबार में संलिप्त पाए गए पुलिसकर्मियों को सेवा से बाहर किया गया है। अन्य सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि नशे के नेटवर्क की पंचायत स्तर तक मैपिंग की गई है, ताकि तस्करी के पूरे नेटवर्क पर प्रभावी ढंग से प्रहार किया जा सके।
‘खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान में मिलेंगे लाखों के पुरस्कार
मुख्यमंत्री ने युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने की सरकार की योजना भी साझा की। उन्होंने बताया कि ‘खेलो हिमाचल, चिट्टा मुक्त हिमाचल’ अभियान के तहत पहली बार एसडीएम स्तर पर आठ खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं के लिए अब तक करीब 10 हजार ऑनलाइन पंजीकरण हो चुके हैं।
राज्य स्तरीय चैंपियनशिप में विजेता टीम को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 21 लाख रुपये और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 11 लाख रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा देने और उन्हें खेलों से जोड़ने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है।
विधायकों की गैरमौजूदगी पर बोले- सामाजिक कार्यक्रम के लिए निमंत्रण जरूरी नहीं
मंडी में आयोजित छठी एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन में हजारों युवाओं की भागीदारी पर मुख्यमंत्री ने खुशी जताई। हालांकि, स्थानीय विधायकों की अनुपस्थिति को लेकर उन्होंने कहा कि यह किसी राजनीतिक दल का कार्यक्रम नहीं, बल्कि समाज से जुड़ा अभियान है। ऐसे सामाजिक कार्यों में भाग लेने के लिए किसी औपचारिक निमंत्रण की आवश्यकता नहीं होती। नशे के खिलाफ लड़ाई सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
विपक्ष को नसीहत, जयराम ठाकुर पर भी साधा निशाना
आगामी शीतकालीन विधानसभा सत्र को लेकर मुख्यमंत्री ने विपक्षी विधायकों से सदन की कार्यवाही में सक्रिय भागीदारी करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को केवल वॉकआउट करने के बजाय सवाल पूछने चाहिए और सरकार के जवाब सुनने का धैर्य भी रखना चाहिए।
पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर पर तंज कसते हुए सुक्खू ने कहा कि उन पर अपनी ही पार्टी के विधायकों का काफी दबाव है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में पांच गुट बन चुके हैं और कुछ नेता जयराम ठाकुर को नेता प्रतिपक्ष के पद से हटाने के लिए दिल्ली के चक्कर लगा रहे हैं।
पड्डल मैदान में उमड़ा युवाओं का जनसैलाब
इससे पहले मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पड्डल मैदान से आयोजित एंटी चिट्टा जागरूकता वॉकथॉन में युवाओं, विद्यार्थियों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। जिला प्रशासन ने उपायुक्त अपूर्व देवगन के निर्देशन में आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे।
वॉकथॉन के माध्यम से युवाओं ने चिट्टे के खिलाफ एकजुट होकर नशामुक्त हिमाचल बनाने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में उमड़ी भीड़ ने नशे के खिलाफ सामाजिक भागीदारी और जनजागरूकता का संदेश दिया।