नाहन में डाकघर के समीप निकला चार फीट लंबा अजगर, सुरक्षित जंगल में छोड़ा

Spread the love

नाहन शहर के बीचोंबीच स्थित मुख्य डाकघर से सटे सड़क के डंगे से शुक्रवार को चार फीट लंबा अजगर रेस्क्यू किया गया। तकरीबन एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद सैनिक कल्याण बोर्ड के उपनिदेशक मेजर दीपक धवन और वन विभाग की टीम ने अजगर को पकड़ा, जिसे बाद में जड़जा के जंगल में छोड़ दिया गया।

बताया जा रहा है कि पिछले काफी दिनों से अजगर इसी क्षेत्र में डेरा जमाए बैठा था। इससे पहले भी लोगों ने इसे यहीं देखा। ऐसे में यहां से गुजरने वाले लोगों के साथ साथ दफ्तरों में कामकाज करने वाले कर्मचारियों में भी खौफ बना हुआ था। सैनिक कल्याण बोर्ड का कार्यालय भी इसी जगह चल रहा है।

शुक्रवार को अजगर दिखते ही मेजर दीपक धवन ने वन विभाग को सूचित किया। इसके बाद वन विभाग के ग्रेड टू अधीक्षक जसवीर सिंह, वन रक्षक मोहसिन खान, वन कर्मी रणवीर सिंह व हेमराज मौके पर पहुंचे। जहां अजगर को रेस्क्यू करने के लिए ऑपरेशन शुरू किया और पत्थरों के बीच से सुरक्षित बाहर निकाला। इसके बाद स्थानीय लोगों ने भी राहत की सांस ली।