तीन गोलियां लगने से युवक गंभीर रूप से घायल, दो पेट और एक टांग में लगी गोली; प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई रेफर, आरोपी पड़ोसी बताया जा रहा
औद्योगिक क्षेत्र नालागढ़ में एक बार फिर गोलीकांड की वारदात सामने आई है। मंगलवार सुबह हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। इस बार वार्ड नंबर-7 निवासी मोहम्मद असलम को निशाना बनाया गया। हमलावर ने असलम पर तीन गोलियां चलाईं, जिनमें दो गोलियां पेट में और एक टांग में लगी है। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मिली जानकारी के अनुसार, फायरिंग करने वाला युवक घायल मोहम्मद असलम का पड़ोसी बताया जा रहा है। हालांकि, गोली चलाने के पीछे क्या कारण रहे और वारदात को किस रंजिश के चलते अंजाम दिया गया, इसका अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
घायल असलम को उपचार के लिए नालागढ़ अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सक डॉ. तमन्ना ने बताया कि मरीज को तीन गोलियां लगी हैं। इनमें दो गोलियां पेट में और एक टांग में लगी है। पेट में गोली लगने के कारण महत्वपूर्ण अंगों को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
चिकित्सकों ने मरीज की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च चिकित्सा संस्थान रेफर कर दिया, ताकि अंदरूनी चोटों की जांच और जरूरत पड़ने पर ऑपरेशन किया जा सके।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। फायरिंग की इस वारदात के बाद एक बार फिर नालागढ़ में कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं।
फिलहाल पुलिस की ओर से मामले में कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस जांच के बाद ही फायरिंग के कारणों और आरोपी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।