वायनाड में प्रियंका वाड्रा के नामांकन में शामिल होंगे सुक्खू

Spread the love

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को वायनाड संसदीय क्षेत्र से नामांकन दाखिल करेंगी। इस दौरान मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू भी मौजूद रहेंगे। इस कड़ी में मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद मुख्यमंत्री शिमला से दिल्ली के लिए रवाना हुए और वहां कुछ समय रुकने के बाद मुख्यमंत्री ने कालीकट इंटरनेशनल एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरी। कालीकट से वे वायनाड जाएंगे और देर शाम वापस दिल्ली लौटेंगे। प्रस्तावित शैड्यूल के अनुसार मुख्यमंत्री 24 अक्तूबर को दिल्ली में ही रुकेंगे।

ऐसे में माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री दिल्ली में कुछ केंद्रीय मंत्रियों के साथ ही पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से भी मुलाकात कर सकते है। देखा जाए तो प्रदेश सरकार में मंत्री का एक पद रिक्त चल रहा है। इसके साथ ही कुछ निगम व बोर्ड में भी नियुक्तियां की जा सकती है। ऐसे में मुख्यमंत्री इन मसलों पर भी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से दिल्ली में चर्चा कर सकते है। मुख्यमंत्री दिल्ली में एक दिन रुकने के बाद मुख्यमंत्री 25 अक्तूबर को वापस लौट सकते हैं। गौर हो कि मुख्यमंत्री का 26 अक्तूबर को रोहड़ू के डोडराक्वार का दौरा भी प्रस्तावित है।

संगठन में फेरबदल की भी तैयारी
प्रदेश कांग्रेस में फेरबदल पर भी हाईकमान जल्द निर्णय ले सकता है। इस संबंध में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष प्रतिभा सिंह पहले ही अपना पक्ष हाईकमान के समक्ष रख चुकी है। ऐसे में पार्टी हाईकमान इस मसले पर मुख्यमंत्री से भी चर्चा कर सकता है ताकि सत्ता-संगठन में बेहतर तालमेल स्थापित किया जा सकें।