सोलन के गौरव सब्बरवाल ने रोम में बढ़ाया हिमाचल का मान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की जमकर सराहना

Spread the love

सोलन के गौरव सब्बरवाल ने रोम में बढ़ाया हिमाचल का मान, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने की जमकर सराहना

सोलन/रोम। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के युवा उद्यमी गौरव सब्बरवाल ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी प्रतिभा और उद्यमशीलता का परिचय देते हुए प्रदेश का नाम रोशन किया है। इटली की राजधानी रोम में भारत का प्रतिनिधित्व करने पहुंचे गौरव की उपलब्धि से सोलन सहित पूरे हिमाचल प्रदेश में खुशी की लहर है।

गौरव सब्बरवाल शूलिनी सैफ्रॉन प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक हैं। वह भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के अंतर्गत DPIIT और स्टार्टअप इंडिया के भारतीय प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा बनकर रोम पहुंचे हैं। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल कर रहे हैं।

पीयूष गोयल ने बताया सबाथू से अपना रिश्ता

रोम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान गौरव सब्बरवाल और केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल के बीच हुई मुलाकात खास चर्चा का विषय रही। बातचीत के दौरान मंत्री ने बताया कि उनकी दादी का संबंध हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के सबाथू से रहा है। उन्होंने गौरव को सोलन जैसे छोटे जिले से निकलकर रोम में भारत का प्रतिनिधित्व करने पर बधाई दी और उनकी उपलब्धि की सराहना की।

पीयूष गोयल ने कहा कि सोलन जैसे छोटे जिले का युवा आज अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की पहचान बना रहा है। यह दर्शाता है कि सरकार के प्रयासों से छोटे शहरों और कस्बों के युवाओं को भी वैश्विक स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर मिल रहे हैं।

हिमाचल के केसर को मिलेगा इटली का बाजार

इस दौरे की एक बड़ी उपलब्धि शूलिनी सैफ्रॉन प्राइवेट लिमिटेड का इटली की एक प्रमुख कंपनी के साथ सहयोग समझौता (टाई-अप) होना रहा। केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल की उपस्थिति में हुए इस समझौते से हिमाचल के केसर को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने की दिशा में नई संभावनाएं खुली हैं।

कार्यक्रम के दौरान इटली के उद्यमियों ने भारतीय केसर की गुणवत्ता, शुद्धता और उसमें मौजूद प्राकृतिक तत्व क्रोसिन (Crocin) की विशेष सराहना की। इस सहयोग से भारतीय केसर को यूरोपीय बाजार में नई पहचान मिलने और हिमाचल के केसर उत्पादकों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर अवसर मिलने की उम्मीद है।

 

‘मेरा नहीं, पूरे सोलन का सम्मान है’

अपनी इस उपलब्धि पर गौरव सब्बरवाल ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि जब केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने उन्हें अपनी दादी का सबाथू से जुड़ाव बताया, तो उन्हें बेहद गर्व महसूस हुआ। उन्होंने कहा, “मुझे लगा कि यह सिर्फ मेरा सम्मान नहीं, बल्कि पूरे सोलन और हिमाचल प्रदेश का सम्मान है। आज हिमाचल का केसर रोम तक पहुंचा है और हमारा सपना है कि आने वाले समय में इसे दुनिया के हर देश के बाजार तक पहुंचाया जाए। यही असली मेक इन इंडिया और मेक फॉर द वर्ल्ड की भावना है।”

युवाओं के लिए बने प्रेरणा

गौरव सब्बरवाल की यह उपलब्धि केवल एक उद्यमी की सफलता नहीं, बल्कि हिमाचल प्रदेश के युवाओं के लिए भी प्रेरणादायक उदाहरण है। यह साबित करती है कि दृढ़ संकल्प, मेहनत और नए विचारों के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

गौरव की इस उपलब्धि से सोलन में खुशी का माहौल है। लोगों को उम्मीद है कि उनके प्रयासों से हिमाचल के कृषि उत्पादों, विशेषकर केसर को अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलेगी और प्रदेश के किसानों एवं युवा उद्यमियों के लिए विकास के नए रास्ते खुलेंगे।