सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार में पहली नियुक्ति हुई है। हमीरपुर से ताल्लुक रखने वाले राजनेता सुनील शर्मा को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू का राजनीतिक सलाहकार नियुक्त किया गया है। इस सम्बंध में मुख्य सचिव आरडी धीमान ने रविवार को अधिसूचना जारी की है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू व सुनील शर्मा बिट्टू घनिष्ठ मित्र भी है। सनद रहे कि राजनीतिक सलाहकार का पद सरकार में कैबिनेट मंत्री के बराबर माना जाता है। सुनील वर्तमान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। वीरभद्र सरकार में हिमाचल प्रदेश निजी शिक्षा नियामक आयोग के सदस्य रहे हैं। जिला कांग्रेस हमीरपुर के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। वह हमीरपुर से कांग्रेस टिकट के दावेदारों में शामिल रहे हैं।
सुखविंदर सुक्खू ने हमीरपुर विधानसभा क्षेत्र (Hamirpur Assembly Constituency) से टिकट के लिए पैनल में एकमात्र सुनील शर्मा बिट्टू का नाम हाईकमान को भेजा था। नामांकन से एक दिन पहले गोसेवा आयोग के सदस्य रहे आशीष शर्मा की दिल्ली में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला से मुलाकात और टिकट के आश्वासन के बाद सुनील शर्मा का पैनल से गायब हो गया।इस बीच एक अन्य अधिसूचना में रिटायर्ड एचएएस अधिकारी धनबीर ठाकुर को उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का ओएसडी नियुक्त किया गया है। धनबीर ठाकुर मंडी जिला के सरकाघाट के रहने वाले हैं। ये नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।