12 दिन से लापता महिला का जंगल में पड़ा मिला शव

Spread the love

पुलिस थाना सांगला के तहत रेशवाल के जंगल से पुलिस ने 12 दिन से लापता महिला का शव बरामद किया है। शव को जानवरों ने नोच खाया था। मृतक महिला की पहचान 59 वर्षीय भाग देवी पत्नी कृष्ण चंद निवासी गांव व डाकघर रेशवाल के रूप में हुई है। महिला की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी किन्नौर अशोक रतन ने बताया कि रविवार को जगमोहन निवासी रेशवाल ने 112 हेल्पलाइन पर सूचना दी कि रेशवाल के पास जंगल में शव पड़ा हुआ है। इस पर एसडीपीओ भावानगर राजू पुलिस टीम सहित मौके पर पहुंचे। पहले तो शव की पहचान नहीं हो पाई क्योंकि महिला का केवल दायां पैर ही घुटने से नीचे मांस सहित था। बाकी पूरे शरीर की केवल हड्डियां ही शेष बची हुई थीं।

परिजनों ने 8 फरवरी को थाना सांगला में भाग देवी के लापता होने की शिकायत दर्ज करवाई गई थी, जिस पर पुलिस ने महिला के भाई हरिसुख को बुलाया तो हरिसुख ने बहन की पहचान कपड़ों से की।