महंगी ई-बसों और रखरखाव के नाम पर निगम के पदों को खत्म करने की साजिश: संजय शर्मा

Spread the love

​एक ई-बस की कीमत में खरीदी जा सकती हैं 4 से 5 टिकाऊ डीजल बसें,

पहाड़ी रास्तों के लिए मुफीद विकल्प से क्यों परहेज कर रही सरकार?

​297 ई-बसों के रखरखाव में ₹5.31 से ₹18 प्रति किलोमीटर भुगतान की शर्त पर घिरी सुक्खू सरकार,

1000 नई बसों की खरीद से पहले मांगा पुराने अनुबंध का हिसाब

​शिमला। हरे-भरे हिमाचल में पर्यावरण संरक्षण की आड़ लेकर प्रदेश सरकार कहीं हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) को निजीकरण की ओर तो नहीं धकेल रही? निजी कंपनियों से महंगी इलेक्ट्रिक बसें खरीदने और फिर उन्हीं के हवाले मेंटेनेंस (रखरखाव) का काम सौंपने की कवायद के बीच यह गंभीर सवाल उठ खड़ा हुआ है। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने इस पूरी व्यवस्था पर तीखा हमला बोलते हुए आशंका जताई है कि सरकार की मंशा परिवहन निगम में कार्यरत मैकेनिकों और तकनीकी स्टाफ के पदों को धीरे-धीरे समाप्त करने की है। उन्होंने सरकार को घेरते हुए पूछा कि जिस कीमत पर एक महंगी इलेक्ट्रिक बस खरीदी जा रही है, उतने बजट में पहाड़ की दुर्गम चढ़ाइयों पर चलने वाली 4 से 5 सस्ती और टिकाऊ डीजल बसें आसानी से खरीदी जा सकती हैं, फिर सरकार इस व्यावहारिक विकल्प से परहेज क्यों कर रही है?
​संजय शर्मा ने कहा कि पर्यावरण के नाम पर लिए जा रहे इन फैसलों के पीछे सरकार की मंशा को लेकर प्रदेश की जनता में कई संदेह पैदा हो रहे हैं। एक ओर सरकार 1000 नई इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की तैयारी कर रही है, तो दूसरी ओर पहले से खरीदी गई 297 ई-बसों के रखरखाव के लिए निजी कंपनी के साथ किए जा रहे 12 वर्ष के अनुबंध पर उठे गंभीर सवालों पर सरकार पूरी तरह मौन है। भाजपा प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि जब 297 बसों के रखरखाव की व्यवस्था में ही आर्थिक व्यवहार्यता और भविष्य के वित्तीय बोझ को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं, तो 1000 नई बसों के लिए इसी तरह का मॉडल अपनाने से पहले सरकार को पुराने अनुबंध का पूरा हिसाब सार्वजनिक करना चाहिए।
​प्रस्तावित अनुबंध की शर्तों पर सवाल उठाते हुए संजय शर्मा ने कहा कि शुरुआत में निजी कंपनी को ₹5.31 प्रति किलोमीटर भुगतान किया जाना है, जो अनुबंध की अवधि के विभिन्न चरणों में बढ़कर ₹18 प्रति किलोमीटर तक पहुंच जाएगा। उन्होंने पूछा कि जब नई बसों के शुरुआती वर्षों में रखरखाव पर कम खर्च आता है, तो इतना महंगा और लंबा भुगतान ढांचा किसके हित में तैयार किया गया है? 12 वर्षों में इस दर से सरकारी खजाने पर पड़ने वाले कुल बोझ और दरों में बढ़ोतरी के फॉर्मूले को जनता के सामने रखा जाना चाहिए। साथ ही, सरकार यह भी स्पष्ट करे कि क्या उसने इस खर्च की तुलना HRTC द्वारा स्वयं रखरखाव करने की लागत से की है।
​भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि HRTC के पास दशकों का अनुभव, अपना प्रशिक्षित तकनीकी स्टाफ और वर्कशॉप का मजबूत नेटवर्क है। निगम के कर्मचारियों को नई तकनीक का प्रशिक्षण देने और वर्कशॉप को आधुनिक बनाने के बजाय निजी कंपनियों पर निर्भरता बढ़ाना सीधे तौर पर निगम के तकनीकी ढांचे और मैकेनिक वर्ग के भविष्य को खत्म करने की साजिश प्रतीत होता है। उन्होंने यह भी पूछा कि यदि भविष्य में रखरखाव में लापरवाही या किसी यांत्रिक खराबी के कारण कोई दुर्घटना होती है, तो निजी कंपनी और निगम के बीच जवाबदेही कैसे तय होगी?
​संजय शर्मा ने दो टूक कहा कि HRTC हिमाचल की जनता की संपत्ति है, न कि निजी कंपनियों के मुनाफे का जरिया। जनता को केवल नई बसों की घोषणाएं नहीं, बल्कि खर्च, पदों की सुरक्षा और दुर्घटना की स्थिति में जवाबदेही का पूरा पारदर्शी हिसाब चाहिए।