चीन में नहीं थम रहा कोरोना का कहर, इस जिले में लगा लॉकडाउन…..

Spread the love

चीन में कोरोना ने फिर पैर पसार लिए हैं। बताया गया है कि जिनपिंग सरकार ने सोमवार को दक्षिणी चीन के तकनीकी हब शेनजेन में सख्त लॉकडाउन लगाने का एलान किया है। इसी के साथ शहर के करीब 1,70,00,000 लोग अब घरों में बंद रहने को मजबूर हैं। स्थानीय प्रशासन ने लॉकडाउन का यह कदम तब उठाया है, जब जिले में एक दिन में ही 66 लोग संक्रमित मिले।

गौरतलब है कि चीन के जिलीन प्रांत की राजधानी चांगचुन में शुक्रवार को लॉकडाउन लगाया जा चुका है। तब इस शहर के 90 लाख लोगों को आपात अलर्ट के बाद घरों पर रहने के आदेश दे दिए गए थे। दूसरी तरफ शांडोंग प्रांत के युचेंग में भी लॉकडाउन का आदेश दिया गया था, जिसकी आबादी करीब पांच लाख है। यानी चीन के कुल तीन शहरों में फिलहाल 2,65,00,000 लोग अपने घरों में बंद रहने को मजबूर हैं।

शेनजेन में चीन की दो प्रमुख कंपनियों हुआवे और टेनसेंट का हेडऑफिस है। यह शहर हॉन्गकॉन्ग से सीमा साझा करता है, जहां पहले ही कोरोना की लहर से बड़ी संख्या में लोग संक्रमित मिल रहे हैं। हॉन्गकॉन्ग में स्थिति लगातार खराब होती जा रही है जहां पर अधिकारियों ने कोविड-19 के 27,647 नए मामलों की पुष्टि की है। हॉन्गकॉन्ग में और 87 लोगों की कोविड-19 से मौत हुई है जिन्हें मिलाकर अबतक यहां 3,729 लोगों की जान जा चुकी है।