खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने अपने कार्यालय में सुनी लोगों की समस्याएं  

Spread the love


बिलासपुर 28 जुलाई – खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री राजिन्द्र गर्ग ने आज बुधवार को अपने कार्यालय में लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने इन समस्याओं के संदर्भ में संबंधित कार्यालयों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश भी जारी किए।
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में प्रदेश उन्नति के रास्ते पर अग्रसर  
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के नेतृत्व में हिमाचल प्रदेश उन्नति के रास्ते पर निरंतर अग्रसर है। प्रदेश के अंदर प्रत्येक क्षेत्र तथा वर्ग के विकास के लिए निरंतर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों में विद्युत आपूर्ति की समस्याएं चल रही थी। इन समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से दूर किया जा रहा है।
विद्युत आपूर्ति की समस्या को दूर करने के लिए सब स्टेशन नसवाल को किया अपग्रेड
       राजिन्द्र गर्ग ने कहा कि सब स्टेशन नसवाल में विद्युत आपूर्ति की समस्या उत्पन्न ना हो इस उद्देश्य से सब स्टेशन को अपग्रेड किया गया है। इस पर कुल 2.39 करोड रुपए खर्च किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विद्युत मंडल में 46 विद्युत ट्रांसफार्मर स्थापित किए गए हैं। इन कार्यों की जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि यह ट्रांसफार्मर कसारु, लहड़ा, जोल बैहल, भोला, रंहोड, गतोल, सलाह, छड़ोल, समलोहल, सुनाली, डून, संडयार, बड्डू, मोहड़ा, छिब्बर, हम्बोट, बाड़ां दा घाट, बप्याड, दिप्पर, कोटलु, छनजयार, कच्यूट, कंगर, डडवाल, बरोटा कलर, कुरनाड़ी व घुमारवीं शहर में स्थापित किए गए है।
उन्होंने बताया कि 14 विद्युत ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाई जा चुकी है। इसी प्रकार 459 पुराने लकड़ी के खंभों को भी बदल दिया गया है।
आम जन तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि 11 केवी नई एचडी लाइन तथा 11 केवी लाइन को बदला जा चुका है। उन्होंने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के बाशिंदों को मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी प्राथमिकताओं में से एक है।