कालका-शिमला फोरलेन पर शोघी में बनेगा दूसरा टोल प्लाजा

Spread the love

कालका-शिमला फोरलेन पर शोघी में दूसरा टोल प्लाजा बनेगा। सैलानियों और लोगों को सोलन के सनवारा के बाद शिमला के शोघी में भी जेब ढीली करनी पड़ेगी। वर्ष 2024 तक इस फोरलेन का निर्माण कार्य पूरा होगा। अंतिम चरण में टोल प्लाजा का निर्माण किया जाएगा। कालका से ढली जंक्शन तक फोरलेन बनने से न सिर्फ सैलानियों और लोगों को बल्कि सेब सीजन में बागवानों को भी फायदा होगा। चंडीगढ़ से शिमला की दूरी 120 किलोमीटर है जो घटकर 90.31 किलोमीटर रह जाएगी। अभी शिमला से चंडीगढ़ पहुंचने में करीब 3.5 घंटे लगते हैं। फोरलेन बनने के बाद करीब दो घंटे में ही यह सफर पूरा हो जाएगा।

एनएचएआई के मुताबिक कालका-शिमला फोरलेन का काम युद्धस्तर पर चल रहा है। करीब पांच हजार करोड़ रुपये की इस परियोजना के पहले चरण में कालका से सोलन तक 39 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। दूसरे चरण में सोलन से कैथलीघाट तक 22.91 किलोमीटर फोरलेन बनेगा। इसमें 12.91 किलोमीटर का काम पूरा हो चुका है। तीसरे चरण में कैथलीघाट से ढली जंक्शन तक 28.4 किलोमीटर फोरलेन बनेगा। इसका काम दो पैकेज में होगा। एनएचएआई के परियोजना निदेशक एसके शर्मा ने बताया कि कैथलीघाट-शिमला फोरलेन के टेंडर 28 फरवरी को खुलेंगे। इसके बाद निर्माण कार्य युद्ध स्तर पर शुरू किया जाएगा। वहीं, शिमला के उपायुक्त आदित्य नेगी ने कहा कि कालका-शिमला फोरलेन पर शोघी के पास टोल प्लाजा बनना प्रस्तावित है।