प्रदेशभर में आयोजित हों रक्तदान शिविर, आपातकाल के लिए तैयार हो रक्तदाताओं की डायरेक्टरी : नंदा
शिमला, 28 नवंबर। भाजपा प्रदेश मीडिया संयोजक करण नंदा ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश सह मीडिया प्रभारी सुदीप महाजन एवं रमा ठाकुर भी उपस्थित रहे।
करण नंदा ने चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को इस पुनीत कार्य के लिए बधाई देते हुए कहा कि रक्तदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है। युवाओं द्वारा इस प्रकार के सामाजिक एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का आयोजन करना पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि शिविर में आईजीएमसी शिमला की टीम द्वारा एकत्रित रक्त अस्पताल के ब्लड बैंक में जमा किया जाएगा, जो जरूरतमंद मरीजों का जीवन बचाने में सहायक सिद्ध होगा।
नंदा ने कहा कि रक्तदान से बड़ा कोई महादान नहीं हो सकता। सड़क दुर्घटनाओं, गंभीर बीमारियों, कैंसर के उपचार, कीमोथेरेपी एवं विभिन्न शल्य चिकित्साओं के दौरान मरीजों को रक्त और उसके विभिन्न घटकों की आवश्यकता पड़ती है। आए दिन सोशल मीडिया और व्यक्तिगत संदेशों के माध्यम से विभिन्न रक्त समूहों की आवश्यकता की सूचनाएं प्राप्त होती हैं। ऐसे में देवभूमि हिमाचल प्रदेश के प्रत्येक जिले और खंड में नियमित रूप से रक्तदान शिविरों का आयोजन किया जाना चाहिए।
उन्होंने चौपाल स्टूडेंट एसोसिएशन को रक्तदाताओं की एक डायरेक्टरी तैयार करने का सुझाव भी दिया, जिसमें रक्तदाताओं की सहमति से उनके रक्त समूह एवं संपर्क संबंधी जानकारी उपलब्ध हो। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में जरूरतमंद मरीजों के लिए योग्य रक्तदाताओं से शीघ्र संपर्क स्थापित किया जा सकेगा।
