पेड़-पौधों के बिना नहीं की जा सकती जीवन की कल्पना : तोमर

Spread the love

चम्बा -जिला एवं सत्र न्यायधीश चम्बा के आवास परिसर में गुरूवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चम्बा एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वावधान से पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। इस दौरान जिला एवं सत्र न्यायधीश चम्बा राजेश तोमर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने अपनी धर्म पत्नी के साथ मिलकर देवदार सहित फलदार व औषधीय पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। जिला एवं सत्र न्यायधीश राजेश तोमर ने कहा कि हमारे भविष्य के लिए शुद्ध वातावरण व शुद्ध वायु की उपलब्धता सुनिश्चित करने हेतु पौधारोपण व उनका संरक्षण अति आवश्यक है। वृक्षों से शुद्ध ऑक्सीजन प्राप्त होती है। पेड़-पौधों के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती है। पेड़-पौधे होंगे तभी जीवन होगा। व्यक्ति पैदा होने से लेकर मरने तक प्रकृति पर ही निर्भर रहता है। पेड़-पौधों की भू-स्खलन रोकने में भी अहम भूमिका रहती है। ऐसे में हम सभी का यह कर्तव्य बनता है कि हम अधिक से अधिक पेड़-पौधे लगाएं और उनका ध्यान भी रखें। उन्होंने सभी नागरिकों से आग्रह करते हुए कहा कि वे पृथ्वी को हरा-भरा बनाने के लिए अधिक से अधिक पेड़-पौधे रोपित करें। इस मौके पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पंकज गुप्ता, वन मंडलाधिकारी चम्बा अमित शर्मा सहित वन विभाग के कई कर्मचारी भी मौजूद रहे।