घर बनाने को तीन लाख देगी सरकार,जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ : मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा है कि वर्तमान राज्य सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर कमजोर वर्गों के कल्याण और उत्थान के लिए अनेक प्रभावी कदम उठा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने सत्ता संभालते ही कमजोर वर्गों के जीवन-यापन में सुधार लाने के लिए अनेक महत्त्वकांक्षी योजनाएं आरंभ की हैं। इसके सकारात्मक परिणाम भी सामने आ रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने इस वित्त वर्ष से वाल्मीकि समाज के लोगों और कामगारों के लिए आवास निर्माण में सहायता प्रदान करने के लिए महर्षि वाल्मीकि कामगार आवास योजना आरंभ करने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत राज्य सरकार वाल्मीकि समाज के ऐसे सफाई कर्मचारियों, जिनकी वार्षिक आय अढ़ाई लाख रुपए से कम हो और उनका अपना घर न हो, को आवास निर्माण के लिए तीन लाख रुपए तक की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी, ताकि वे अपना घर बना सकें तथा उनका जीवन यापन सुलभ हो सके।

सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री विधवा और एकल नारी आवास योजना के तहत गृह निर्माण के लिए प्रदान की जा रही आर्थिक सहायता को भी डेढ़ लाख रुपए से बढ़ाकर तीन लाख रुपए कर दिया है। इससे विधवाओं और एकल नारियों को घर निर्माण के लिए समुचित धनराशि उपलब्ध हो तथा उनके जीवन स्तर में सुधार हो। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने विधवाओं के बच्चों को भी मुफ्त शिक्षा प्रदान करने का प्रावधान किया है।

जरूरतमंदों को मिलेगा लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने प्रदेश के नगर निगम धर्मशाला, सोलन और शिमला तथा नगर परिषद नालागढ़ और परवाणू में रहने वाले कमजोर वर्गों तथा झुग्गी-झोपड़ी वासियों को मकान आबंटित करने का निर्णय लिया है। इस आबंटन में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, ओबीसी वर्ग तथा विधवाओं, निराश्रित महिलाओं, दिव्यांगों को अधिमान दिया जा जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान सरकार का लक्ष्य समाज के कमजोर वर्गों का समुचित कल्याण और उत्थान सुनिश्चित कर उन्हें समाज की मुख्य धारा में लाना है, ताकि वे उपेक्षित महसूस न करें तथा जीवन में अपनी इच्छानुसार अपने ध्येय को प्राप्त कर सामाजिक एवं आर्थिक तौर पर सशक्त हो सकें।

जनबल की जीत और धनबल की होगी हार

मंडी संसदीय क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने कहा है कि मंडी में जनबल की जीत और धनबल की हार होगी। कांग्रेस के पास जनबल है और यही पार्टी की असली ताकत भी है। शिमला से मंडी रवाना होने से पूर्व अपने निवास स्थान होलीलोज में उन्होंने समर्थकों से उनके नामंकन में नौ मई को मंडी आने व उन्हें अपना प्यार व समर्थन देने का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कांग्रेस बहुत ही मजबूत स्थिति में है और प्रदेश की चारों लोकसभा सीटों को भारी अंतर से जीतेगी। बाद में मंडी जाते हुए विक्रमादित्य सिंह ने टुटू स्थित गोशाला में जाकर गऊओं की पूजा कर उन्हें अपने हाथों से चारा खिलाया।

इस दौरान उनकी माता मंडी की सांसद प्रतिभा सिंह भी साथ थी। विक्रमादित्य सिंह ने नेरचौक में पार्टी कार्यालय का शुभारंभ किया। विक्रमादित्य सिंह ने उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, सिंजय दत्त, कौल सिंह, प्रकाश चौधरी, सोहन लाल, चेतराम ठाकुर, पुष्पराज शर्मा, यशवंत छाजटा, शशि शर्मा, चंपा ठाकुर, तरुण ठाकुर, अलकनंदा से चुनाव प्रचार अभियान पर बातचीत की।