हिमाचल प्रदेश मे सेब सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है बागवान भारी मात्रा मे सेब व अन्य फल लेकर मंडियों में पहुंच रहे हैं। शनिवार को राजधानी शिमला के ढली स्थित फल मंडी में जिला शिमला के करसोग और ऊपरी शिमला ठियोग, मतियाना, चौपाल इत्यादि क्षेत्रों से टाइडमेन सेब, स्पर, गाला, जेड- 1 व रॉयल सहित अर्ली किस्म का सेब पहुंचा। मंडी में फ़सल के अच्छे दाम मिलने से बाग़वानों के चेहरों पर रौनक देखने को मिल रही है। हालांकि महाराष्ट्र सहित देश के कई हिस्सों में बारिश से तबाही का असर भी सेब को छोड़कर, अन्य फलों के दामों पर देखने को मिल रहा है। सेब सीजन अभी अपने शुरुआती दौर में है, लेकिन जिन फसलों का सीजन अपने अंतिम दौर में है, उनके दामों में गिरावट आ गई है।
फल मंडी ढली के आढ़ती ज्ञान चंद ने बताया कि प्रदेश के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों से तीन चार किस्मों वाले सेब टाइडमेन, स्पर गाला, जेड 1 औरशिमला रॉयल इत्यादि वैरायटी के सेब मंडी में पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि मंडी में बाग़वानों को उनकी फ़सल की गुणवता के अनुसार दाम मिल रहे है।
शनिवार को टाइड मेन किस्म का सेब 1000 से 1500 रुपए तक, रॉयल 1500 से 2500 रुपए तक और अरली किस्म का बॉक्स 3000 रु तक बिका। उन्होंने बताया कि सेब सीजन अभी अपने शुरूआती दौर में है, लेकिन जिन फसलों का सीजन पहले से शुरू हो चुका है। उनके दाम में महाराष्ट्र सहित देश के अन्य हिस्सों में हो रही भारी बारिश का असर देखने को मिल रहा है। बीते कुछ दिनों में नाशपाती के दामों में 500 से 1000 रुपए तक गिरावट आई है।