हिमाचल प्रदेश में लोगों को मिलने वाली इमारती लकड़ी के दाम बढ़ गए हैं। फॉरेस्ट प्रोडयूस रेगूलेशन एंड ट्रेड एक्ट 1982 के तहत प्राइवेट फॉरेस्ट प्रोडयूस के दामों में इजाफा किया गया है। यानी निजी भूमि पर उगे पेड़ों की लकड़़ी अब पहले से ज्यादा दाम पर मिलेगी, जिसके लिए सरकार की ओर से बाकायदा अधिसूचना जारी की गई है। लकड़ी के दाम के साथ-साथ विभाग ने हैंडलिंग चार्ज भी बढ़ा दिया है। खासतौर पर देवदार व कायल की लकड़ी की कीमतों में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। सीमेंट, सरिया व ईंटों के साथ-साथ अन्य निर्माण सामग्री के बाद इमारती लकड़ी की कीमतें बढऩे से प्रदेश में घर बनाना अब आसान नहीं होगा।
समूचे प्रदेश में देवदार, कायल व अन्य प्रजातियों की लकड़ी की कीमत में 15 फीसदी का इजाफा किया गया है। चंबा जिला में देवदार की लकड़ी में 23 व कायल की कीमत में 20 फीसदी का इजाफा वन विकास निगम ने कर दिया है। इसी तरह बीते साल तय कीमतों में 9 से 10 फीसदी तक हैंडलिंग चार्ज तय थे। मगर इस बार हैंडलिंग चार्ज भी 9 से 12 फीसदी तय किए गए हैं। विभाग ने इस साल चंबा जिला में देवदार की लकड़ी की प्रति घन मीटर कीमत 10259 रुपये तय की है। बीते साल प्रति घन मीटर देवदार की कीमत 8341 रुपये तय थी। राजगढ़ में इस साल देवदार की कीमत 10337 रुपये प्रति घन मीटर तय हुई है।