शामती बाईपास पर एक बड़ा हादसा होने से उस समय टल गया जब एक डीजल से भरे टैंकर की ब्रेक फेल हो गई। टैंकर कार को रौंदता हुआ स्कूल के गेट से जा टकराया। घटना मंगलवार सुबह करीब 6 बजे की है। जानकारी के मुताबिक डीजल से भरा टैंकर ऊना से रोहडू की तरफ जा रहा था।
शामती बाईपास पर टैंकर अनियंत्रित हुआ और कार को बुरी तरह से रौंदते हुए दुर्गा पब्लिक स्कूल के गेट से टकराया। इस हादसे में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई। गनीमत यह रही कि स्कूल लगने का समय नहीं था अन्यथा एक बड़ा हादसा पेश आ सकता था। गौरतलब है कि शामती बाईपास पहले दिन से ही विवादों में रहा है। उद्घाटन से पहले एक मोटरसाइकिल चालक की इस सड़क पर मौत हो गई थी। बहरहाल अच्छी खबर यह है कि हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है।