सिरमौर की ‘शतरंज क्वीन’ सूर्यांशी शर्मा ने रचा इतिहास,जीती अंडर-19 FIDE रेटेड चैंपियनशिप

Spread the love

प्रदेश की शीर्ष शतरंज खिलाड़ी सूर्यांशी शर्मा ने एक बार फिर अपने शानदार प्रदर्शन से प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने 5 से 7 अक्टूबर 2025 तक कला केंद्र सोलन में आयोजित अंडर-19 FIDE रेटेड हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज चैंपियनशिप में ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।बता दें कि यह सूर्यांशी की अंडर-19 चैंपियनशिप में तीसरी जीत है। इस जीत के साथ वह आगामी राष्ट्रीय शतरंज चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी। उनकी झोली में यह तीसरा महिला शतरंज चैंपियनशिप खिताब और एक पुरुष शतरंज चैंपियनशिप खिताब भी है।

हाल के वर्षों में उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सभी श्रेणी की राज्य चैंपियनशिप जीती हैं, जो उनकी बहुमुखी प्रतिभा को दर्शाता है। 1699 फाइड रेटिंग अंकों के साथ सूर्यांशी हिमाचल प्रदेश की शीर्ष रेटेड महिला खिलाड़ी हैं।

उन्होंने अपने करिअर में 4 बार सीनियर महिला राष्ट्रीय, 2 बार जूनियर राष्ट्रीय और 7 से अधिक बार अन्य राष्ट्रीय श्रेणी प्रतियोगिताओं में हिमाचल प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। वह 2023 में जूनियर एशियाई शतरंज चैंपियनशिप के लिए भी क्वालीफाई कर चुकी थीं, लेकिन परीक्षा के कारण भाग नहीं ले पाईं।

सूर्यांशी ने अपनी सफलता का श्रेय कोच पंकज वर्मा को दिया है, जिन्होंने 13 साल की उम्र में उन्हें तराशा, जब उन्होंने रिकॉर्ड बनाते हुए हिमाचल प्रदेश की प्रतिष्ठित सीनियर ओपन शतरंज चैंपियनशिप जीती थी।

उन्होंने हिमाचल प्रदेश राज्य शतरंज एसोसिएशन और सिरमौर शतरंज एसोसिएशन, विशेष रूप से महासचिव संजीव ठाकुर और राज्य कोषाध्यक्ष आशीष ठाकुर के सहयोग को भी अपनी सफलता का श्रेय दिया।

वर्तमान में सूर्यांशी शर्मा पंजाब विश्वविद्यालय, चंडीगढ़ में अध्ययनरत हैं। वह जिला सिरमौर के पच्छाद विधानसभा क्षेत्र के वासनी की रहने वाली हैं। उनके माता-पिता नाहन में शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं।