शिमला पुलिस की होमस्टे में दबिश, सहारनपुर के दो युवक चिट्टे सहित गिरफ्तार

Spread the love

 बाहरी राज्यों से आ रहे ड्रग पेडलर शिमला के होटलों और होमस्टे में ठहर कर नशे की तस्करी को अंजाम दे रहे हैं। शिमला पुलिस ऐसे ड्रग पैडलरों के खिलाफ लगातार शिकंजा कस रही है। शिमला के आईएसबीटी बस अड्डे के पास एक होमस्टे में ठहरे दो युवक मादक पदार्थ चिट्टे सहित दबोचे गए हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से 44.950 ग्राम चिट्टा बरामद किया है। ये दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर के रहने वाले हैं। पुलिस की प्रारंभिक तफ्तीश में सामने आया है कि दोनों तस्कर स्थानीय युवकों को चिट्टा सप्लाई करते थे। पकड़े गए आरोपितों की पहचान अश्वनी राणा (22) पुत्र ओम पाल और अभिषेक (21) पुत्र मांगे राम के रूप में हुई है। ये दोनों उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिला के न्यू गोपाल नगर के मूल निवासी हैं।

दरअसल, गुरूवार की शाम पुलिस की स्पेशल सेल को सूचना मिली कि दो युवक एक होम स्टे में ठहरे हैं, जो चिट्टे की तस्करी में संलिप्त हैं। सूचना पाते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होमस्टे में रुके दोनों युवकों के कमरे की तलाशी ली तो वहां से 44.950 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ बालूगंज पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।

दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा। पता लगाया जा रहा है कि ये चिट्टा कहां से लाते थे और किसे सप्लाई करते थे