सोलन शहर के साथ लगते बसाल क्षेत्र में काम करते समय एक व्यक्ति का पैर फिसलने के कारण गिरने से मौत हो गई। घटना बुधवार रात की है। उपचार के लिए इस व्यक्ति को सोलन के क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन यहां पर उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद उसका पोस्टमार्टम कर शव को पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है। मृतक की पहचान विजय कुमार निवासी हमीरपुर के तोर पर हुई है। एसपी सोलन वीरेंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। उन्होंने बताया कि सोलन पुलिस को क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से सूचना प्राप्त हुई कि यहां पर एक व्यक्ति को घायल अवस्था में लाया गया है जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित किया है।
इस पर सोलन पुलिस की टीम अस्पताल पहुंची और मामले की जांच शुरू की पुलिस ने पाया कि यह शव विजय कुमार निवासी हमीरपुर का है जो कि सोलन में वर्तमान में बुटी क्षेत्र में किराए के कमरे में रहता था। पूछताछ के दौरान उसके साथ मौजूद अन्य मजदूरों ने बताया कि हिमुडा कॉलोनी बसाल में एक बिल्डिंग पर यह व्यक्ति वेल्डिंग का कार्य कर रहा था तो इसी दौरान अचानक से उसका पांव फिसल गया और वह छठी मंजिल से सीधा नीचे गिर गया। जिसके बाद उपचार के लिए उसे तुरंत ही क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।