उपमंडल कंडाघाट के तहत ग्राम पंचायत झाझा के चोहड़ा गांव में मंगलवार देर रात बड़ा हादसा होने से टल गया। यहां अचानक पहाड़ से भारी ल्हासा गिरने के चलते एक मकान पूरी तरह मलबे में तब्दील हो गया। गनीमत रही कि समय रहते मकान में सो रहे सभी लोग बाहर निकल आए और उनकी जान बच गई।
जानकारी के अनुसार, चोहड़ा गांव की रहने वाली निर्मला देवी अपने बेटे, बहू और दो पोतों के साथ मकान में सो रही थीं। रात करीब 12 बजे अचानक मकान से जोरदार आवाजें आने लगीं, जैसे कोई भारी चीज टकरा रही हो। आवाज सुनते ही परिवार के सभी सदस्य घबराकर तुरंत मकान से बाहर निकल आए। इसी दौरान देखते ही देखते पूरा मकान पहाड़ से गिरे ल्हासे की चपेट में आ गया।