चायल, (15 सितंबर 2025) राष्ट्रीय गौरव और अनुशासन की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय मिलिट्री स्कूल, चायल ने अत्यंत हर्षोल्लास के साथ अपना 100वाँ स्थापना दिवस मनाया। समारोह की शुरुआत विद्यालय परिसर में स्थित शहीद स्मारकों पर पुष्प अर्पित कर वीरगति को प्राप्त पूर्व छात्रों को श्रद्धांजलि देने से हुई।
स्थापना दिवस पर विद्यालय के विद्यार्थियों ने विविध सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दीं, जिनमें देशभक्ति गीत, भाषण और स्वरचित कविता शामिल थे। इन प्रस्तुतियों द्वारा विद्यालय के 100 वर्षों के इतिहास का पुनः स्मरण हो आया।
प्राचार्य श्री वी. के. गंगवाल जैन ने अपने संदेश में कहा कि “यह शताब्दी उपलब्धि विद्यालय की समृद्ध परंपरा , अनुशासन, कर्मनिष्ठता और छात्रों का देश के प्रति अटूट सेवाभाव को दर्शाती है। यह स्वर्णिम सदी प्रत्येक छात्र, शिक्षक, पूर्व छात्र और कर्मचारी के कठिन परिश्रम एवं अनुशासन का परिणाम है। यह दिवस हमारे लिए गर्व और प्रेरणा का क्षण है।”
उन्होंने सभी को 100वें स्थापना दिवस की हार्दिक बधाई देते हुए विद्यालय की अग्रिम शताब्दी प्रारम्भ होने पर भी सभी को शुभकामनाएँ प्रेषित की ।
इस अवसर पर प्रशासनिक अधिकारी मेजर कपिल सालीमठ, चिकित्सा अधिकारी मेजर अशोक गोयत, सूबेदार मेजर राजीव कुमार, शिक्षा प्रभारी अरुण कुमार धारवाल, सहित सभी शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन देशभक्ति की भावना और विद्यालय की गौरवशाली परंपराओं को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने के संकल्प एवं भारत माता के जोशीले जयकारों के साथ हुआ