मैं अध्यक्ष पद की दौड़ में नहीं था, प्रतिभा सिंह को बधाई : कौल सिंह

Spread the love

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कौल सिंह ठाकुर ने सांसद प्रतिभा सिंह को हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष बनने पर बधाई दी है। मंडी में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि प्रतिभा सिंह एक नॉन कॉन्ट्रोवर्शियल चेहरा हैं और उनके नेतृत्व में संगठन का बेहतरीन ढंग से संचालन होगा।

                                                                   

कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि वे पूर्व में दो बार पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष रह चुके हैं और मौजूदा समय में अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल नहीं थे। पार्टी ने तय किया है कि चुनाव लड़ने वालों को अध्यक्ष पद का दायित्व नहीं सौंपा जाएगा और चुनावों से पहले पार्टी का सीएम फेस भी घोषित नहीं किया जाएगा। इसलिए अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इसका फैसला चुने हुए विधायक और पार्टी हाईकमान करेगी। कौल सिंह ठाकुर ने कहा कि उन्होंने कभी भी पार्टी से किसी पद की मांग नहीं की, जो भी जिम्मेदारी उन्हें दी गई उन्होंने उसका निर्वहन किया है।

कौल सिंह ठाकुर ने हाल ही में हुए पेपर लीक मामले के लिए राज्य की भाजपा सरकार को दोषी ठहराया। उन्होंने कहा कि यह सरकार की नाकामी के कारण ही हुआ है। इस पूरे प्रकरण में बड़े चेहरे शामिल हैं,, लेकिन सिर्फ मोहरों को ही टारगेट करके कार्रवाई की जा रही है। कौल सिंह ठाकुर ने राज्य सरकार से इस पूरे मामले की हाईकोर्ट के जज से जांच करवाने की मांग उठाई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार चरम पर हैं, जिसके परिणामस्वरूप ही यह सब कुछ हो रहा है।  इस मौके पर उनके साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव चेत राम ठाकुर, जिलाध्यक्ष प्रकाश चौधरी और शहरी कांग्रेस के अध्यक्ष सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।