मुख्यमंत्री ने हेलीकॉप्टर से किया कुल्लू-मंडी में बारिश व भूस्खलन से हुई तबाही का एरियल सर्वे

Spread the love

लगातार हो रही भारी बारिश और भूस्खलन से कुल्लू और मंडी जिला बुरी तरह प्रभावित हुए हैं। स्थिति का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को हेलीकॉप्टर के माध्यम से प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने नुकसान का आकलन किया और राहत एवं पुनर्वास कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए।

भारी बारिश के कारण कुल्लू-मंडी राष्ट्रीय राजमार्ग समेत कई आंतरिक सड़कें पूरी तरह बंद हो गई हैं, जिससे यातायात ठप हो गया है। कई जगहों पर पुल बह गए हैं, जबकि नदी-नालों के उफान पर आने से दर्जनों मकान जमींदोज हो गए हैं। कई परिवार बेघर हो चुके हैं और प्रशासन ने इन्हें सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से प्रदेश को भारी नुकसान हुआ है। प्रारंभिक आकलन के अनुसार सैकड़ों करोड़ की संपत्ति क्षति हुई है। उन्होंने प्रशासन को निर्देश दिए कि प्रभावित परिवारों को तुरंत राहत राशि उपलब्ध करवाई जाए और जिनके घर पूरी तरह तबाह हो गए हैं, उन्हें अस्थायी आश्रय और खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए।

सीएम सुक्खू ने भरोसा दिलाया कि प्रदेश सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और जल्द ही पुनर्वास एवं बहाली के कार्य शुरू किए जाएंगे। उन्होंने आपदा प्रभावित क्षेत्रों में फंसे लोगों को निकालने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन तेज करने के भी आदेश दिए।