हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक गुरुवार को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में हुई। लगातार चाैथे दिन आयोजित की गई बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए हैं। मंत्रिमंडल ने राज्य में लाॅटरी स्कीम को फिर से खोलने के लिए मंजूरी दी गई। इससे राज्य की आय में इजाफा होगा। कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चाैहान व विक्रमादित्य सिंह ने मंत्रिमंडल के फैसलों की जानकारी दी। दूरस्थ और जनजातीय क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए मंत्रिमंडल ने 290 अतिरिक्त आशा कार्यकर्ताओं की नियुक्ति को भी मंजूरी दी, जिससे इन क्षेत्रों में आवश्यक स्वास्थ्य सेवाओं तक बेहतर पहुंच सुनिश्चित होगी।
राज्यपाल को मिलेेगी 95 लाख रुपये की मर्सिडीज बेंज गाड़ी
आपदा में बेघर हुए प्रभावितों को किराये के मकान में रहने के लिए ग्रामीण क्षेत्रों में पांच हजार रुपये और शहरी क्षेत्रों में 10 हजार रुपये दिए जाएंगे। यह योजना 31 मार्च 2026 तक लागू रहेगी। मंत्रिमंडल ने राज्यपाल के लिए 95 लाख रुपये की मर्सिडीज बेंज गाड़ी को खरीदने की भी मंजूरी दी। क्योंकि पहले से माैजूद गाड़ी को नियमों के अनुसार बदला जाना है। मंत्रिमंडल ने पर्यटन विकास परिषद के गठन को भी मंजूरी दी। इसके तहत 50 करोड़ से अधिक लागत की पर्यटन परियोजनाओं की मंजूरी परिषद देगी।
