मंडी से पठानकोट नेशनल हाईवे के निर्माण कार्य के चलते मंडी से पधर तक सड़क की हालत बेहद खस्ता हो गई है। बरसात के कारण हालात और बिगड़ गए हैं, जिससे लोगों को रोजाना जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है। खासतौर पर बिजनी नाला, लंबाड़ी पुल और मैगल के पास हाईवे की दशा अत्यंत दयनीय बनी हुई है।स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य कर रही कंपनी गलत तरीके से कटिंग कर रही है, जिसके चलते भूस्खलन की घटनाएं बढ़ गई हैं और हाईवे की स्थिति और खराब हो गई है।
स्थानीय निवासी अंजली ने बताया कि कंपनी के बड़े-बड़े वाहन दिन-रात हाईवे पर दौड़ रहे हैं, जिससे पुराना हाईवे भी खराब हो गया है। इन वाहनों की वजह से हाईवे पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास के नाम पर यहां विनाश किया जा रहा है।
प्रदीप शर्मा ने कहा कि इस हाईवे पर सफर करना अब बेहद जोखिमपूर्ण हो गया है और आए दिन दोपहिया वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि खुद भी बिजनी नाला के पास खस्ताहाल सड़क का खामियाजा भुगत चुके हैं। छोटे वाहन भी आए दिन यहां फंसकर सीधे मैकेनिक की वर्कशॉप तक पहुंच जाते हैं।
वहीं समाया ठाकुर ने कहा कि हाईवे की खराब हालत के कारण समय पर बसें भी उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। मेघ सिंह ने बताया कि कंपनी के बड़े वाहनों के कारण उड़ रही धूल-मिट्टी से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। बिजनी नाला के पास 24 घंटे कीचड़ और मलबा भरा रहता है, जिससे बच्चों को दोपहिया वाहन पर स्कूल पहुंचाना आफत बन गया है।
स्थानीय लोगों ने प्रदेश और केंद्र सरकार से मांग की है कि हाईवे की दयनीय स्थिति को जल्द सुधारा जाए और निर्माण कार्य कर रही कंपनी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।