भीषण गर्मी की वजह से पांवटा साहिब उपमंडल के निजी व सरकारी स्कूलों को 29 से 31 मई तक बंद रखने का निर्णय लिया गया है। पांवटा साहिब के एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा के स्तर पर आदेश जारी किए गए हैं। आदेशों की अनुपालना उच्च व प्रारंभिक शिक्षा विभाग के उपनिदेशक द्वारा सुनिश्चित की जाएगी।बता दें कि गर्मी की वजह से पहले ही स्कूलों का समय सुबह साढ़े 7 से 1 बजे तक निर्धारित किया गया था। प्रशासन ने छुट्टियों के आदेश जारी करते हुए कहा कि सिरमौर के विभिन्न हिस्सों में असामान्य रूप से गर्मी की स्थिति देखी गई है। मौसम विभाग ने हीट वेव का पूर्वानुमान जारी किया है। पिछले एक-दो दिनों से पांवटा साहिब उपमंडल भीषण गर्मी की चपेट में है। तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है।
उल्लेखनीय है कि ऊना में भी गर्मी की वजह से छुट्टियों का ऐलान किया गया था। पांवटा साहिब उपमंडल के कुछ हिस्सों में तापमान 40 डिग्री तक पार कर चुका है। मुख्यालय नाहन में तापमान 38 डिग्री तक पहुंचा है।
उधर, फिलहाल कालाअंब क्षेत्र में स्कूलों की छुट्टियों को लेकर कोई फैसला नहीं हुआ है। औद्योगिक क्षेत्र में तापमान 43 डिग्री तक भी पहुंच गया है।