डॉ यशवंत सिंह परमार औदयानिकी एवं वानिकी विश्वविद्यालय, नौणी के कुलपति प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल को भारत सरकार के कृषि और किसान कल्याण मंत्रालय की आई.एन.एम. डिवीजन द्वारा प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए गठित सलाहकार समिति के सदस्य के रूप में नामित किया गया है। यह समिति देश में प्राकृतिक खेती को सुचारू रूप से बढ़ावा देने में सलाह और मार्गदर्शन देगी। इस समिति का कार्यकाल दो साल का होगा। कृषि और किसान कल्याण विभाग के अतिरिक्त सचिव (आईएनएम) इस 14 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष होंगे। इस समिति में प्रोफेसर राजेश्वर सिंह चंदेल के साथ डॉ एसके चौधरी, डीडीजी एनआरएम आईसीएआर; नीति आयोग की सलाहकार (कृषि) डॉ नीलम पटेल; संयुक्त सचिव, एनआरएलएम; संयुक्त सचिव (आईएनएम) और देश के जाने-माने नाम इस समिति के सदस्य हैं। समिति देश में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए केंद्रीय कृषि मंत्री की अध्यक्षता वाली संचालन समिति को सलाह और समर्थन देगी। देश में प्राकृतिक खेती को समग्र रूप से बढ़ावा देने, विशेषकर गंगा बेसिन के 5 किमी दायरे में प्रारंभिक ध्यान देने के लिए भी मार्गदर्शन करेगा। प्रोफेसर चंदेल को हाल ही में तीन साल की अवधि के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) सोसायटी के गवर्निंग बॉडी और जनरल बॉडी के सदस्य के रूप में नामित किया गया हैं। यह निकाय आईसीएआर का मुख्य कार्यकारी और निर्णय लेने वाला प्राधिकरण है। इसकी अध्यक्षता आईसीएआर के महानिदेशक करते हैं।
![]()