
लोकसभा उपचुनाव में जिस तरह एकजुटता के साथ जीत दर्ज की थी, वैसे ही विधानसभा चुनाव में भी जीत दर्ज कर बहुमत से सरकार बनाएंगे। यह बात प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं सांसद प्रतिभा सिंह ने जोगिंदर नगर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने विधानसभा क्षेत्र जोगिंदर नगर के कांग्रेस नेताओं को एकजुटता पाठ पढ़ाया और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर काम करने का आह्वान किया। प्रतिभा सिंह ने कहा कि लगातार कर्ज लेकर सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति को खतरे में डाल रही है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का चार साल का कार्यकाल निराशाजनक रहा। अब केंद्र सरकार के शीर्ष नेताओं को हिमाचल में बुलाकर अपनी नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास कर रहे हैं। कर्मचारियों की भी आवाज दबाने में सरकार आए दिन कई हथकंडे अपना रही है। महंगाई चरम पर है। करीब 65 हजार करोड़ का कर्ज प्रदेश सरकार पर है।
सांसद प्रतिभा सिंह ने पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के सरकार के कार्यकाल में हुए विकासकार्यों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस सरकार के प्रदेश में सत्तासीन होते ही ओपीएस को लागू किया जाएगा। आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए भी नीति बनेगी। करुणामूलक आधार पर नौकरी कर रहे पात्र लोगों को सरकार रोजगार देगी। युवाओं को रोजगार दिलाने के लिए स्थायी भर्तियां भी होंगी। अपने अभिवादन के बाद उन्होंने लोगों की समस्याओं को भी सुना। हालांकि इस दौरान प्रदेश कांग्रेस सचिव व पूर्व प्रत्याशी कांग्रेस जीवन ठाकुर के समर्थकों ने उनके खूब नारे लगाए व प्रदेश अध्यक्ष के बोलने के बाद जीवन ठाकुर ने नारे लगा रहे युवाओं को शांत भी किया। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष राकेश धरवाल, पूर्व विधायक ठाकुर सुरेंद्र, प्रदेश कांग्रेस सचिव जीवन ठाकुर ,राकेश चौहान सहित कांग्रेस नेता,पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

