पुलिस जवान की तैनाती को लेकर परवाणू HRTC के RM ने पुलिस विभाग को लिखा खत

Spread the love

परवाणू बस अड्डे में निजी बसें अंदर आने की बजाय बाहर से ही सवारियां उतार व चढ़ा कर चली जाती हैं। इसे लेकर परवाणू के आर.एम.. ने 11 फरवरी को डी.सी. सोलन को पत्र लिखा था, जिसकी कॉपी निदेशक ट्रांसपोर्ट, एम.डी. व डी.एम. हिमाचल रोडवेज, ए.सी. व डी.एस.पी. परवाणू, एस.पी. सोलन, आर.टी.ओ. सोलन और अड्डा प्रभारी परवाणू को भी अग्रेषित की थी। इसमें जिक्र किया था कि यात्रियों की सुरक्षा को ताक पर रखकर निजी बसें सड़क पर ही यात्रियों को उतार व चढ़ा रही हैं। बस अड्डे पर पुलिस जवान की तैनाती की जाए, ताकि बसें अड्डे के अंदर आ सकें। बता दें कि पिछले 3 दिन से आर. एम. खुद मौके पर बसों की पार्किंग फीस कटवा रहे हैं और फिर भी बसें नहीं रुक रही हैं। उन्होंने 2 लोगों अड्डा प्रभारी व वर्कशॉप यार्ड मास्टर की पार्किंग की पर्ची काटने की ड्यूटी लगाई है, परंतु कोई भी निजी बस अड्डे पर नहीं रुक रही। आर.एम. रामदयाल ने बताया कि पर्ची काटने को लेकर एक निजी बस के परिचालक द्वारा उसकी गाड़ी के चालक के साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसकी शिकायत उन्होंने परवाणू थाना में की थी। बस अड्डा प्रभारी प्रीतम सिंह ने बताया कि वे सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक अड्डे के बाहर पर्चियां काटने के लिए खड़े रहे, जिसमें लगभग 25 निजी बसें निकलीं और सिर्फ 3 बसों ने ही पर्ची कटवाई, बाकी कोई भी निजी गाड़ी नही रुकी।
आर.एम. ने बताया कि मंगलवार को दोबारा डी.एस.पी. परवाणू व एस.पी. सोलन को अड्डे पर पुलिस जवान तैनात करने के लिए पत्र लिखा गया है।