कंडाघाट पुलिस ने नेपाली मूल के एक व्यक्ति को 4 किलो से ज्यादा अफीम के साथ गिरफ्तार किया है। उसके आपराधिक रिकार्ड की जांच की जा रही है। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा।
सोलन के पुलिस अधीक्षक गौरव सिंह के हवाले से मिली जानकारी के अनुसार कल यानी 6 अगस्त को कंडाघाट पुलिस जब कण्डाघाट क्षेत्र में मौजूद थी तो गुप्त सूत्रों से जानकारी मिली कि करोल हिल के पास एक व्यक्ति कुछ समय पहले ही बस से उतरा है।उसके पास बड़ी मात्रा में मादक पदार्थ मिल सकते हैं। इस जानकारी के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और नेपाल के जजरकोट जिले के नलगढ़ निवासी 33 वर्षीय जय बहादुर को जांच के लिए रोका।
उसके पास से पुलिस को 4 किलो 12 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस उसे गिरफ्तार करके थाने में ले आई। आज उसे अदालत में पेश किया जाएगा। एसपी के अनुसार जय बहादुर के आपराधिक इतिहास की जानकारी ली जा रही है।