घुमारवीं : भाजपा ने डिनोटिफाई कार्यालयों के विरोध में किया प्रदर्शन, निकाली रोष रैली

Spread the love

पीडब्ल्यूडी का सब डिवीज़न व सेक्शन कपाहड़ा (मोहड़ा), आईपीएच सेक्शन कपाहड़ा तथा पशु औषधालय पपलाह (पन्याला) को प्रदेश की कांग्रेस सरकार द्वारा  डिनोटिफाइड करने के विरोध में सोमवार को लोगों के साथ मिलकर भाजपा ने इन्हें दोबारा बहाल करने को आवाज बुंलद की। विरोध प्रदर्शन करते हुए मोहड़ा बाजार में रैली निकाली गई तथा सांकेतिक धरना प्रदर्शन किया गया। इस दौरान घुमारवी के पूर्व विधायक एवं पूर्व खाद्य आपूर्ति मंत्री राजेन्द्र गर्ग मुख्य रूप से उपस्थित हुए। भाजपा कार्यकर्ताओं सहित लोगों ने धरना प्रदर्शन कर सरकार के प्रति रोष व्यक्त कर इन्हें दोबारा बहाल करने की मांग की। पूर्व मंत्री राजेन्द्र गर्ग ने कहा कि कांग्रेस सरकार लोगों के हितों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि जब तक ये कार्यालय दोबारा बहाल नहीं होंगे, तब तक संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस सरकार नए कल्चर को जन्म दे रही है। गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि रिव्यू करना कोई गलत बात नहीं है, लेकिन रिव्यू से पहले कार्यालय डिनोटिफाइड करना गलत है। भाजपा सरकार ने लोगों की मांग पर कार्यालयों को खोला था लेकिन अब कांग्रेस सरकार बनते ही उन्हें बंद करके गलत फैसले ले रही है। उन्होंने कहा कि इन इलाके के लोगों की सुविधा के लिए लोक निमार्ण विभाग का सव डिवीजन, सेक्शन, आईपीएच का सेक्शन तथा पशु औषधालय खोला गया था। मगर लोगों को सुविधाएं तो मुहैया करवाना दूर जो विकास के कार्य भाजपा के समय हुए थे उन्हें भी बंद किया जा रहा है। कांग्रेस लोगों के हितों से खिलवाड़ कर रही है। गर्ग ने कहा कि इन कार्यालयों के खुलने से इस क्षेत्र की हज़ारों आबादी को लाभ होना था। इन कार्यलयों के खुलने से पपलाह, कपाहड़ा, करलोटी, कोटलू ब्रहाम्नां, पलासला, छत व संडयार की 7 पंचायतों के हज़ारों लोगों को इसका लाभ मिलना शुरू हो गया था। 

         

उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र के लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए भाजपा सरकार के इन कार्यालयों को यहां खोला था और यह कार्यालय कार्य करना भी शुरू कर चुके थे। लेकिन कांग्रेस के हाथों सत्ता के बागडोर आते ही लोगों के हित में लिए गए फैसलों को बदला जा रहा है। गर्ग ने कहा कि जब भी कांग्रेस सता में आती है ,तो बदला बदले की भावना से कार्य करती है। लोगों के हितों को जरा भी ध्यान में नहीं रखा जाता है। गर्ग ने कहा कि इन कार्यालयों को डिनोटिफाइड करना कांग्रेस सरकार का गलत निर्णय है। अगर इन फैसलों को नहीं बदला गया तो भाजपा उग्र आंदोलन करेगी।