
आम आदमी पार्टी ने हिमाचल प्रदेश के अपने सोशल मीडिया प्रभारी हरप्रीत सिंह बेदी को उनके खालिस्तान समर्थक ट्वीट को लेकर पार्टी से निष्कासित कर दिया है। बीजेपी ने रविवार को बेदी पर आरोप लगाया था कि उन्होंने खालिस्तान का खुलकर समर्थन किया है। भाजपा ने कहा कि बेदी ने कुछ साल पहले भी खालिस्तान के समर्थन में सिलसिलेवार ट्वीट किए थे।
आप ने एक ट्वीट में कहा कि बेदी के ट्वीट में उनके विचार हैं। ये आम आदमी पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं। ये कहीं से भी पार्टी के विचारों का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। ट्वीट में कहा गया है कि पार्टी बेदी को तत्काल प्रभाव से सभी पदों से निष्कासित करती है। आप ने एक अन्य ट्वीट में कहा कि राष्ट्र की एकता व अखंडता में आप का दृढ़ विश्वास है। देश के खिलाफ कुछ भी लिखने जाने को कभी सहन नहीं किया जाएगा।