कुल्लू : मकान में भड़की आग, लाखों का नुकसान 3 परिवार बेघर

Spread the love

ज़िला के तीची में एक अढ़ाई मंजिला मकान जलकर राख हो गया है। जानकारी के अनुसार शिली राजगिरी पंचायत के तीची गांव में एक मकान में आग लग गई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया, लेकिन मकान लकड़ी का होने के चलते आग काफी तेजी से भड़क गई। आग पर काबू पाने में लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी।   मकान में निचली मंजिल में गौशाला और ऊपर की मंजिल में तीन कमरे थे जो पूरी तरह जलकर राख हो गए। ।

ग्रामीणों ने गौशाला से मवेशियों को सुरक्षित बाहर निकाला जबकि कमरे के भीतर के सामान को निकालने में लोग कामयाब नहीं हो पाए। आगजनी की इस घटना में बुद्धि सिंह, ज्ञानचंद और कमला देवी के परिवार के सदस्य बेघर हो गए हैं। जानकारी के अनुसार इन 3 परिवार के 8 सदस्य हैं जिनके सिर से छत उड़ गई है। जानकारी है कि इस घटना में 3 परिवार को लाखों का नुकसान हुआ है। पंचायत प्रतिनिधियों ने इस दौरान प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवार को फौरी राहत के साथ साथ मुआवजा दिया जाए ताकि प्रभावित परिवारों को मुश्किल का सामना ना करना पड़े।