हिमाचल प्रदेश में शनिवार को लोकसभा के सातवें चरण के मतदान के दौरान सुबह से ही मतदान को लेकर लोगों में भारी उत्साह नजर आ रहा था। हिमाचल प्रदेश की चार लोकसभा सीटों पर मतदान के कई दृश्य और वीडियो सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक वीडियो बिलासपुर जिले से भी सामने आया है, जिसमें एक बीमार महिला मतदाता ऑक्सीजन सिलेंडर लगाकर मतदान करने पहुंची।
जानकारी के अनुसार यह मामला टिक्कर पोलिंग बूथ चुवाड़ी का है, जहां 68 वर्षीय महिला विमला देवी बीमारी की हालत में सिलेंडर लगाकर मतदान केंद्र टिक्कर पोलिंग बूथ चुवाड़ी पहुंची। बताया जा रहा है कि महिला पिछले एक सप्ताह से बीमार है और अस्पताल में भर्ती है। बावजूद इसके, उन्होंने अपने मतदान के अधिकार का उपयोग करने का संकल्प लिया और पोलिंग बूथ तक पहुंचीं।
इसी प्रकार, बिलासपुर के पहाड़ी क्षेत्र श्री नैना देवी में भी मतदान के प्रति लोगों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। यहां पर एक महिला पालकी में बैठकर मतदान करने पहुंचे। पहाड़ी इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए मतदान केंद्र तक पहुंचना काफी कठिन होता है, फिर भी उन्होंने अपनी नागरिक जिम्मेदारी को पूरा करने के लिए यह कठिनाई उठाई और अपने कीमती वोट का उपयोग किया।
मतदान के दौरान दिखाई दे रहे ये दृश्य न केवल हिमाचल प्रदेश के लोगों की लोकतंत्र में गहरी आस्था को दर्शाते हैं, बल्कि यह भी प्रमाणित करते हैं कि चाहे परिस्थिति कितनी भी कठिन क्यों न हो, वे अपने अधिकारों का उपयोग करने से पीछे नहीं हटते।