CM सुक्खू के मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य, देर रात IGMC से लौटे ओक ओवर

Spread the love

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट्स सामान्य आई है और चेकअप के बाद देर रात वह आईजीएमसी अस्पताल से अपने सरकारी आवास ओक ओवर लौट गए। मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री का स्वास्थ्य बेहतर है और चिंता की कोई बात नहीं है। रूटीन चेकअप के लिये मुख्यमंत्री आईजीएमसी आये थे।

दरअसल मंगलवार देर शाम मुख्यमंत्री की तबीयत बिगड़ गई थी। छाती में दर्द व सांस लेने में दिक्कत की वजह से करीब आठ बजे उन्हें सरकारी आवास ओकओवर से एम्बुलेंस से आईजीएमसी लाया गया था। आईजीएमसी के स्पेशल वार्ड के कमरा नम्बर-630 में मुख्यमंत्री को कुछ समय के लिए भर्ती किया गया। विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम ने मुख्यमंत्री के स्वास्थ्य का परीक्षण किया। उनकी छाती का एक्सरे लिया गया। इसके अलावा इको टेस्ट भी हुआ। आईजीएमसी द्वारा जारी हैल्थ बुलेटिन के मुताबिक़ मुख्यमंत्री के इन दोनों टेस्ट की रिपोर्ट सामान्य आई है। बता दे कि चार दिन पहले बीते भी शनिवार को तबीयत बिगड़ने पर मुख्यमंत्री चेकअप के लिए आईजीएमसी आये थे। तब डॉक्टरों ने उनके टेस्ट लिये थे, जिनकी रिपोर्ट सामान्य आई थी। डॉक्टर ने उनका अल्ट्रासाउंड और अन्य रूटिंग के टेस्ट करने के बाद उन्हें छुट्टी दे दी थी और आराम करने की सलाह दी थी। इसके बाद से मुख्यमंत्री अपने सरकारी आवास में आराम कर रहे थे। इस कारण पिछले कल उन्होंने ओकओवर से ही सरकारी कार्यों का निपटारा किया। खराब चल रहे स्वास्थ्य की वजह से मुख्यमंत्री सुक्खू बतौर कांग्रेस के स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार के लिए जम्मू कश्मीर भी नहीं जा पा रहे हैं।