भारतीय जनता पार्टी में युवा मोर्चा सबसे अग्रिम मोर्चा है, युवा मोर्चा के माध्यम से प्रदेश में एक बार फिर से भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी। यह बात मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष अमित ठाकुर ने मंडी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की युवा विजय संकल्प रैली को लेकर आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान कही। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह रैली 24 सितंबर को मंडी के ऐतिहासिक पड्डल मैदान में होना निश्चित हुई है। अमित ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इतिहास में पहली बार युवाओं की रैली को संबोधित करने जा रहे है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 बजे मंडी के कंगणीधार हेलीपेड में लैंड करने के उपरांत साढ़े 11 बजे पड्डल मैदान में आयोजित रैली स्थल में पहंचेगे। युवा मोर्चा संकल्प रैली के माध्यम यह भी संदेश दिया जाएगा कि प्रदेश में एक बार फिर प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश में जयराम ठाकुर के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनेगी।
भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष ने कहा इस रैली में पूरे प्रदेश से एक लाख कार्यकर्ता जुटेंगे। वहीं जिला स्तर पर एलईडी के माध्यम से भी कार्यक्रम दिखाया जाएगा। उन्होंने कहा कि भाजयुमो के कार्यकर्ता पिछले डेढ़ साल से इस रैली को लेकर तैयारियों में जुटे हैं। रैली के लिए भाजयुमो ने पूरे प्रदेश में ऐप के माध्यम से 1 लाख 63 हजार से अधिक कार्यकर्ताओं का पंजीकरण किया है। रैली में पंजीकृत कार्यकर्ता ही भाग लेंगें वहीं रैली का जनता के सहयोग से धन अर्जित किया जाएगा।