निराकार परमपिता परमात्मा जिसे अनेकों नामों से पुकारा जाता है, इसकी पूजा-अर्चना और वंदना युगों-युगों से की जा रही है, इसे केवल पढ़ा या सुना ही नहीं जा सकता, अपितु समय के तत्वदर्शी सतगुरु की कृपा से प्रत्यक्ष रूप से जाना और देखा जा सकता है। यह विचार निरंकारी सत्संग भवन राजगढ़ के नेहरू ग्राउंड में आयोजित जोन स्तरीय निरंकारी संत समागम को सम्बोधित करते हुए मुख्य वक्ता दिल्ली से पधारे संत निरंकारी मंडल के प्रचार विभाग के कोऑर्डिनेटर हेमराज शर्मा ने व्यक्त किए।
उन्होंने कहा कि परमात्मा कण-कण में, आगे-पीछे, दाएं-बाएं, ऊपर-नीचे और इस संपूर्ण ब्रह्मांड में समान रूप से व्याप्त है। यदि वह सर्वव्यापी है, तो वह हमारे घरों में भी है और हर स्थान पर विद्यमान है। संसार की भौतिक वस्तुएं या प्राणवायु ऑक्सीजन स्थान एवं ऊंचाई बदलने के साथ कम या अधिक हो सकती हैं, किंतु निराकार प्रभु हर स्थान पर एकरस और अविनाशी रूप में मौजूद है। उन्होंने वेदों-ग्रंथों तथा संतों महापुरुषों की वाणी का संदर्भ देते हुए कहा कि प्राचीन ऋषियों-मुनियों ने पहले इस परमसत्ता को प्रत्यक्ष देखा और उसके पश्चात ग्रंथों की रचना की, जबकि आज का मनुष्य बिना देखे ही केवल परंपरागत रूप से पाठ कर रहा है। भगवान श्रीकृष्ण द्वारा अर्जुन को प्रदान किए गए दिव्य चक्षु एवं विराट स्वरूप के दर्शन का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि समय के सतगुरु की शरण में जाकर कोई भी जिज्ञासु क्षण मात्र में इस परमात्मा का साक्षात्कार कर सकता है। उन्होने वैदिक मंत्र का भाव स्पष्ट करते हुए बताया कि यह परमात्मा स्वयं प्रकाशित है। जब सूर्य, चंद्रमा और यह सृष्टि भी नहीं थी, तब भी यह परमसत्ता प्रकाशमान थी। ब्रह्मज्ञान के बिना वास्तविक मुक्ति और परम के आनंद की प्राप्ति संभव नहीं है। गुरमुख का बाहरी स्वरूप धारण करना ही पर्याप्त नहीं, बल्कि जीवन में ब्रह्मज्ञान, प्रेम और समर्पण का प्रकाश निरंतर जागृत रहना चाहिए। सेवा, सुमिरन और सत्संग के माध्यम से अपने विचारों, भावनाओं और आचरण को निरंतर निखारना ही सच्ची आध्यात्मिक जागृति है। जीवन की नश्वरता से अवगत कराते हुए जागृति का संदेश देते उन्होने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि सांसारिक भागदौड़ में जीवन व्यतीत हो जाए और अंत समय में पछतावा मात्र शेष रह जाए। उन्होंने कहा कि ‘ब्रह्म की प्राप्ति ही भ्रम की समाप्ति है।
ब्रह्मज्ञान की प्राप्ति होते ही जीवन के समस्त भ्रम और मृत्यु का भय तत्क्षण समाप्त हो जाते हैं तथा मनुष्य भौतिकता की दौड़ से ऊपर उठकर सच्चे आनंद की अवस्था को प्राप्त करता है। उन्होंने कहा कि आज हर व्यक्ति प्रेम, सत्कार और शांतिपूर्ण वातावरण की कामना करता है, किंतु जब तक एक रचनहार परमात्मा की पहचान नहीं होती, तब तक दूसरे इंसान में अपनापन नहीं दिख सकता। अनेकों संतों की वाणी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि एक ही मूल से जुड़े होने का बोध होते ही हृदय से वैर, विरोध और नफरत के भाव मिट जाते है तथा विश्व बंधुत्व के भाव से इंसान दूसरों के लिए भी सुकून व प्रेम का स्त्रोत बन जाता है। उन्होंने सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज के पावन चरणों में अरदास की कि जिन गुरसिखों को यह ब्रह्मज्ञान प्राप्त हो चुका है, वे इसे संभालकर जीवन में धारण करें और समस्त मानवता के कल्याण का माध्यम बनें तथा प्रभु प्रेमी जिज्ञासु सज्जनों से ब्रह्मज्ञान प्राप्त कर अपने जीवन को सार्थक बनाने का आह्वान किया।
जोन 5ए सोलन के जोनल इंचार्ज विवेक कालिया ने बताया कि इस एक दिवसीय जोन स्तरीय सन्त समागम में जिला सोलन एवं सिरमौर से सैकड़ों श्रद्धालु एवं भक्तजन सम्मिलित हुए। जोन के विभिन्न गीतकार व वक्ताओं ने इस संत समागम का वातावरण आध्यात्मिक चेतना, भक्ति और आपसी प्रेम के भावों से परिपूर्ण कर दिया। अन्त में राजगढ़ ब्रांच के संयोजक (इंचार्ज) नितेश साहनी ने सभी का आभार व्यक्त किया।