एयरोसिटी के ब्लॉक-G चौक पर रात करीब 10:50 बजे हुआ हादसा, दो दोस्तों ने अस्पताल पहुंचाया लेकिन नहीं बच सकी जान; पुलिस ने दो वाहन चालकों के खिलाफ दर्ज किया मामला।
मोहाली/सोलन। पंजाब के मोहाली एयरपोर्ट रोड पर रविवार रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान संस्कार सोनी और रोहित कुमार के रूप में हुई है। स्थानीय जानकारी के अनुसार दोनों युवक हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से संबंधित बताए जा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार दोनों युवक मोटरसाइकिल पर सवार होकर अपने दोस्तों के साथ मोहाली से जीरकपुर की ओर जा रहे थे। उनके पीछे दूसरी बाइक पर उनके दो दोस्त भी चल रहे थे। इसी दौरान एयरोसिटी के ब्लॉक-G चौक के पास कथित तौर पर तेज रफ्तार से आई चंडीगढ़ नंबर की महिंद्रा थार अचानक मुख्य सड़क पर पहुंची और बाइक उससे टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिर गए। इसी बीच पीछे से आ रही एक अन्य थार गाड़ी दोनों युवकों को कुचलते हुए निकल गई। हादसे के बाद दूसरी गाड़ी का चालक मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद उनके साथ चल रहे दोस्तों ने राहगीरों की मदद से दोनों घायलों को सिविल अस्पताल फेज-6 मोहाली पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
शिकायतकर्ता सूर्यांश शर्मा के अनुसार वह अपने दोस्त अर्चित शर्मा के साथ दूसरी बाइक पर सवार था और दोनों वाहन चालकों को पहचान सकता है। पुलिस ने पहली थार के चालक और दूसरी अज्ञात गाड़ी के चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
दो परिवारों में पसरा मातम
इस हादसे ने दो परिवारों को गहरा सदमा दिया है। हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन से दोनों युवकों का संबंध होने की जानकारी सामने आने के बाद क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
अब बड़ा सवाल यह है कि हादसे के बाद फरार हुई दूसरी थार का चालक कब पुलिस की गिरफ्त में आएगा और दोनों वाहनों के चालकों के खिलाफ आगे क्या कार्रवाई होगी?