जिला सिरमौर के मुख्यालय नाहन में दो भाइयों के साथ गाली-गलौज और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना कैंट चौक के पास BIG WAY के नजदीक की बताई जा रही है। इस हमले में दोनों भाइयों को चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 6 नवंबर को पुलिस थाना सदर नाहन में विशाल पुत्र स्वर्गीय बिमल कुमार निवासी मकान नंबर 576/11, कच्चा टैंक, नाहन ने शिकायत दर्ज करवाई। शिकायतकर्ता के अनुसार, 5 नवंबर की रात करीब 9:30 बजे वह अपने भाई चेतन के साथ BIG WAY, कैंट चौक के पास खड़ा था।
इसी दौरान आर्मी कैंट एरिया निवासी कमल नारायण वहां पहुंचा और बिना किसी कारण दोनों भाइयों के साथ गाली-गलौज करने लगा। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि जब विशाल और उसका भाई वहां से अपने घर जाने लगे तो आरोपी ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में शिकायतकर्ता विशाल के गले पर चोट आई, जबकि उसके भाई चेतन के कान के पास चोट लगी। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना सदर नाहन में पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े तथ्यों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।