मानसून के आगमन को हर्षपूर्वक मनाते हुए ग्राम पंचायत बसाल के अंतर्गत जराश गांव में आज एक प्रेरणादायक वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह आयोजन HDA Foundation के स्वयंसेवकों द्वारा आयोजित किया गया जिसमें लगभग 50 से अधिक प्रतिभागियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
इस कार्यक्रम में ग्राम पंचायत बसाल की महिला मंडल, स्वयं सहायता समूह, वार्ड सदस्य, पंचायत प्रतिनिधि, तथा वन विभाग के कर्मियों ने मिलकर उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। सभी ने अपने हाथों से पौधे लगाकर पर्यावरण सरंक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य इस मानसून में 500 से अधिक पौधे लगाने का है, जिसकी शुरुआत 12 जुलाई को 200 पौधों के साथ की गई। विशेष बात यह रही कि इसमें स्थानीय प्रजातियों के पौधों को प्राथमिकता दी गई — जैसे बांण (Oak), पडागा (Rhododendron) और देवदार (Deodar)। इन प्रजातियों को हिमाचल की पारिस्थितिकी के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है।
कार्यक्रम का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं, बल्कि लोगों को यह याद दिलाना भी था कि हम प्रकृति का हिस्सा हैं और इसकी रक्षा करना हमारी सामूहिक ज़िम्मेदारी है।