युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जलाया विधायक देवेंद्र भुट्टो का पुतला, जमकर किया विरोध प्रदर्शन

Spread the love

 कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को जिला मुख्यालय के नजदीकी कोटला कलां में विधानसभा से अयोग्य करार दिए गए अपने ही विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया।

कुटलैहड़ ब्लॉक कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष विवेक शर्मा की अगुवाई में और युवा कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मनीष बैंस की अध्यक्षता में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने केवल मात्र अपने ही नहीं बल्कि क्रॉस वोटिंग करने वाले पांच अन्य विधायकों को भी जमकर आड़े हाथ लिया और उन्हें पार्टी के गद्दार करार दिया। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने विधायक का पुतला भी फूंका।

    राज्यसभा के चुनाव में अपनी ही विचारधारा के खिलाफ जाकर भाजपा के प्रत्याशी हर्ष महाजन के पक्ष में मतदान करने वाले कुटलैहड़ के विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो के खिलाफ युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं का गुस्सा जमकर फूटा। शनिवार को ऊना शहर के नजदीकी गांव कोटला कलां में पूर्व ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष एवं कांग्रेस के टिकट पर इसी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ चुके विवेक शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने विधायक के खिलाफ प्रदर्शन किया।

      उन्होंने केवल मात्र एक नहीं बल्कि सभी 6 विधायकों के खिलाफ जोरदार नारेबाजी करते हुए उन्हें पार्टी के गद्दार बताया। जबकि विधायक देवेंद्र कुमार भुट्टो का पुतला भी फूंका। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश सचिव विवेक शर्मा ने कहा कि विधायक ने उन पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ धोखा किया है जिन्होंने कड़ी मेहनत करते हुए चुनाव में विधायक का साथ दिया और उन्हें विधानसभा की दहलीज पार करवाया। उन्होंने कहा कि विधायक का विधानसभा क्षेत्र में लौटने पर भी जोरदार विरोध किया जाएगा।