हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू आज फिर से चंडीगढ़ में फोर्टिस अस्पताल पहुंचे। उनकी कुछ मेडिकल टेस्ट की रिपोर्ट आज आनी है। इन्हें दिखाने के बाद मुख्यमंत्री वापस हिमाचल लौट सकते हैं। CM सुक्खू पांच दिन से चंडीगढ़ में है। यूरिक एसिड बढ़ने के बाद उनके पांव में तेज दर्द उठ गया था। इससे उन्हें चलने में भी परेशानी हो रही थी। फोर्टिस जाने से पहले उन्होंने IGMC शिमला में भी उपचार कराया, लेकिन दर्द से राहत नहीं मिली। इसके बाद मुख्यमंत्री फोर्टिस अस्पताल गए।
बीते शुक्रवार को डॉक्टरों ने उन्हें कुछ दिन आराम करने की सलाह दी थी। तब से वह चंडीगढ़ में रुके हुए हैं। इस दौरान कुछ जरूरी काम की फाइलें भी उन्होंने चंडीगढ़ से निपटाई हैं। उम्मीद की जा रही है कि आज सभी रिपोर्ट आने के बाद मुख्यमंत्री वापस लौटेंगे। शिमला या पालमपुर जा सकते हैं CM सुक्खू मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने बताया कि मुख्यमंत्री अब स्वस्थ हैं। आज वह दोबारा अस्पताल गए हैं। इसके बाद ही उनका शिमला या फिर पालमपुर जाने का कार्यक्रम तय होगा। बता दें कि कृषि विश्वविद्यालय पालमपुर में ड्रोन कॉन्क्लेव रखा गया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सुक्खू को इसमें बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करना है।