5 दिन येलो अलर्ट; कई क्षेत्रों में हैवी रेनफॉल

Spread the love

हिमाचल में मानसून फिर एक्टिव हो गया है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकांश भागों में अच्छी बारिश हुई। नाहन में सबसे ज्यादा 70 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। अगले पांच दिन तक भी बारिश से राहत के आसार नहीं है। मौसम विभाग ने 9 जुलाई तक भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कई क्षेत्रों में बादल फटने जैसी घटनाएं भी पेश आ सकती हैं।इसे देखते हुए सैलानियों और स्थानीय जनता को सावधानी बरतने तथा लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जाने की सलाह दी गई है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. सुरेंद्र पाल ने बताया कि भारी बारिश से सड़कें और रास्ते बंद हो सकते है।

ऐसे में कोई भी प्रोग्राम मौसम को देखते हुए बनाए।बीते 24 घंटे में ऊना के हरोली में बाढ़ से खूब तबाही हुई। इसमें एक स्कॉर्पियो गाड़ी पानी के तेज बहाव में बह गई और 10 घरों को भी नुकसान हुआ है। फ्लैश फ्लड के कारण दुलैहड़ और भदसाली क्षेत्र में लोगों के घरों में पानी घुस गया। डिप्टी CM मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि ऊना में भारी बारिश से अब तक दो करोड़ रुपए का नुकसान आंका जा चुका है। प्रदेश में भारी बारिश की वजह से 38 सड़कें बंद पड़ी हैं। बरसात से अब तक 306 करोड़ रुपए की निजी व सरकारी संपत्ति भी तबाह हो गई है। इससे सात घर पुरी तरह से और 50 घर आंशिक तौर पर क्षतिग्रस्त हुए है। 353 पालतू मवेशियों की मौत और 24 गौशालाएं भी बरसात में नष्ट हुई हैं